शहर के गांधी चौराहे पर सभी समाज के लोग बड़ी संख्या में हुए शामिल


टीकमगढ़ शहर के गांधी चौराहे पर आचार्य विद्यासागर महाराज को श्रद्धांजलि देने सभी समाज के लोग रहे मौजूद
टीकमगढ़ शहर के गांधी चौराहे पर मंगलवार को दोपहर के समय सर्व धर्म विनयांजलि सभा का आयोजन किया गया। जिसमें सभी समाज के लोगों ने आचार्य विद्यासागर महाराज को अपनी श्रद्धांजलि दी। इस मौके पर मुनि विलोक सागर महाराज ससंग के साथ मंचासीन रहे। आचार्य विद्यासागर महाराज के समतापूर्वक समाधी लेने के बाद से जैन समाज में शोक व्याप्त है। गांधी चौराहे पर सर्व धर्म सभा के माध्यम से सभी समाज के लोगों ने उन्हें अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस मौके पर कहा गया कि आचार्य श्री ने बच्चों की शिक्षा, गौ सेवा और युवा पीढ़ी को संस्कारवान बनाने के लिए विशेष जोर दिया। वैसे तो पूरे देश के लोगों को उन्होंने अपना आशीर्वाद दिया, लेकिन बुंदेलखंड से उनका विशेष लगाव रहा। जिले में तीन बार आचार्य श्री का आगमन हुआ। बीते वर्ष 2018 अतिशय क्षेत्र पपौरा जी में आचार्य विद्यासागर महाराज ने 69 दिन ग्रीष्म कालीन वाचना हुई थी। इस दौरान महाराज श्री ने टीरकमगढ़ की धरती को संस्कारवान और संस्कृति के साथ देने वाला बताया था, यहां के चंदेली तालाब और वातावरण की भी खूब सराहना की थी। उनके विचारों से जैन समाज के साथ सभी समाजों के लोगों में अहिंसा का मार्ग प्रशस्त हुआ। सभा में जैन समाज के लोगों ने नमोकार मंत्र का जप करते हुए आचार्य श्री को भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इस मौके पर ब्राह्मण समाज से मनोज देवलिया, संजय नायक, साहू समाज के राजेश साहू, सिंधी समाज से जोनी, मुस्लिम समाज से रज्जाक खान, अनीश खान, हबीब खान के अलावा जैन समाज के अलली जैन, ब्रह्मचारी संजय सुखदा, सुधीर बजाज, सोनू बैसाखिया, अमित नुना, यशो वर्धन नायक, अनिल जैन सहित बड़ी संख्या में पुरुष और महिलाएं उपस्थित रही।
आचार्यश्री विद्यासागर महाराज का स्टेच्यू लगाया जाएगा
मुनि श्री 108 विलोक सागर महामुनि राज की उपस्थिति में त्यागी विदमान एवं समस्त समाज के मुख्य पदाधिकारी राजनीतिक पदाधिकारी व प्रशासनिक अधिकारियों की उपस्थिति में विशाल विन्यांजलि सभा का आयोजन हुआ। इसमें बड़ी संख्या में लोग सम्मिलित हुए। भावांजलि देने वालों में प्रमुख रूप से विधायक यादवेंद्र सिंह बुंदेला, पूर्व विधायक केके श्रीवास्तव ने संबोधित किया। इस मौके पर नपाध्यक्ष पप्पू मलिक ने कहा कि आचार्य श्री विद्यासागर महाराज की शहर में भव्य और दिव्य स्टैचू लगाई जाएगी। टीकमगढ़ जैन समाज जहां भी कहे हम लगाने को तैयार हैं। स्थानीय लोगों ने कहा कि आचार्य श्री ने भारत देश ही नहीं संपूर्ण विश्व में अहिंसा का मार्ग प्रशस्त किया है। केंद्र सरकार से आचार्य श्री को भारत रत्न देने की मांग की गई। इस मांग पर सभा में बैठे लोगों ने तालियां बजाकर समर्थन किया।